बिजलीघर में रखे में ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से सरसावा बिजलीघर से जुड़े दो फीडर पूरी तरह से ठप हो गए। इससे इन फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत निगम की टीमें देर शाम तक केबिलों की जांच में जुटी रही। निगम के मुताबिक घटना से करीब 50 लाख की क्षति होने का अनुमान है।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे रेलवे स्टेशन के पास स्थित सरसावा के बिजलीघर में अचानक आग लग गई। आग की लपटों को देखकर आसपास रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई। आग को देखकर ड्यूटी पर तैनात बिजलीकर्मियों ने मानकमऊ बिजलीघर पर फोन कर आपूर्ति बंद करने को कहा तथा फायर ब्रिगेड़ को सूचना दे दी।
कुछ ही देर में मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड़ की टीम ने बिजली के उपकरणों में लगी आग को रोकने वाले फोम स्प्रे कर बुझाया। आग लगने के कारण टांसफार्मर के अंदर जमा हजारों लीटर तेल उबलने लगा जो आग बुझने के बाद भी रिसता रहा। उसे ठंडा करने के लिये दमकल कर्मचारियों ने घंटों तक पानी का छिड़काव किया।
आग पर काबू पाने के बाद बिजलीकर्मी ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लिया। विद्युत निगम के अवर अभियंता पवन कुमार ने बताया कि आग से आठ एमवीए का ट्रांस्फार्मर पूरी तरह से जल गया है। इससे साल्हापुर और मंधोर फीडर को बिजली की आपूर्ति की जाती है।
जेई ने बताया कि अभी तकनीकी टीम सभी केबलों तथा नुकसान का आंकलन कर रही है। शुरूआती तौर पर 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान नजर आ रहा है। उधर ट्रांसफार्मर में आग से पूरी नगर तथा देहात क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई।