लोहिया गांव खानपुर गुर्जर में शौचालय निर्माण की स्थलीय जांच के दौरान सरकारी धन की बंदरबांट का खुलासा हुआ है। सूची में निर्मित दर्शाए गए अनेक शौचालयों को मौके पर नहीं देख सीडीओ हैरान रह गए। उन्होंने ग्राम प्रधान और सचिव को लताड़ लगाई और 15 दिन में निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीडीओ दीपक मीणा सोमवार को ब्लाक के लोहिया गांव खानपुर गुर्जर पहुंचे। वहां उन्होंने सूची में निर्मित दर्शाए गए 666 शौचालयों की स्थलीय जांच की। उन्होंने मौके पर ही अल्प सिंचाई विभाग के 22 कर्मियों की टीम बनाकर प्रत्येक को 30-30 शौचालयों की घर-घर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही वह खुद भी जांच करने निकल पडे़।
इस दौरान सूची में दर्शाए गए अनेक शौचालय नदारद पाए गए। जांच में सामने आया कि कुछ ऐसे लोगों के नाम पर भी शौचालय निर्मित दर्शाए गए हैं जो गांव में नहीं रहते। जो बने हुए हैं उनमें भी मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई है।
अनियमितताएं देखकर सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने ग्राम सचिव चैनपाल और ग्राम प्रधान ताहिर हसन को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने 15 दिन का समय देते हुए समस्त शौचालयों का मानकों के अनुरूप निर्माण कराने की हिदायत दी। तय समय में कार्य पूरा न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस दौरान बीडीओ शौकत अली, एडीओ पंचायत रमेशचंद सैनी, एडीओ समाज कल्याण सुधीर पालीवाल, एडीओ कृषि विनोद शर्मा, कोतवाली प्रभारी योगेश शर्मा, टीए मुकेश, दीपांशु, रवि, नेहा, संतोष शर्मा, दीपक सैनी, नाजिम अली, ईश्वर, आदेश, बिट्टू आदि रहे।