सहारनपुर में चिलकाना रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी में दो दुकानों के गोदाम में शार्ट सर्किट से आग लगने से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। आग से गोदाम में रखा सामान एवं तीन स्कूटर स्वाहा हो गए।
दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुक्रवार को सुबह लगभग साढ़े 10 बजे चिलकाना रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी में स्थित गुलशन सोनी की सोनी फ्रूट्स कंपनी और देशराज की दुकानों के पीछे बने गोदाम में अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई थी।
बताया जा रहा है कि वहां पर फलों और सब्जियों के कैरेट्स रखे हुए थे। कुछ ही मिनटों में धू धू कर कैरेट जल उठे और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। जिससे मंडी में आसपास की दुकानों के लोगों में अफरा-तफरी सी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंची और आग को काबू करने का प्रयास किया। लेकिन, तब तक स्कूटर, जनरेटर और कैरेट के साथ वहां रखे फल एवं सब्जी स्वाहा हो गए। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।