- टास्कफोर्स औचक निरीक्षण कर करे प्रभावी कार्यवाही
- खनन करने में एनजीटी के आदेशों का हो पूर्णतया पालन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद में किसी भी सूरत में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। बिना रॉयल्टी के माल बेचने और उसका परिवहन करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बार-बार अवैध खनन करने वाले लाइसेंस धारकों का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी ने अवैध खनन एवं परिवहन के संबंध में जनपद के पट्टाधारक, भंडारकर्ता, क्रेशर स्वामी एवं वाहन स्वामियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अवैध खनन एवं परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाए और वैध खनन को प्रोत्साहित कर राजस्व में बढ़ोत्तरी की जाए। जनपद में किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना रॉयल्टी के माल बेचने एवं परिवहन करने वालों पर एफआईआर की जाएगी। बार-बार अवैध खनन करने वाले लाइसेंस धारकों का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों और क्रशरों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन करते समय एनजीटी के नियमों का पूर्णतया पालन किया जाए। उन्होंने अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए जिला खनन टास्कफोर्स के पदाधिकारी एवं सदस्यों को क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्सव आनंद, संयुक्त निदेशक खनन डॉ. नवीन कुमार दास, उप जिलाधिकारी बेहट दीपक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।