बेहट। कक्षा 11 की छात्रा से छेड़छाड़ और उसे जबरन ऑटो की अगली सीट पर बैठाने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक कुर्बान निवासी मोहल्ला इंदिरा कॉलोनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना मंगलवार शाम उस समय हुई थी, जब वह कस्बे से ट्यूशन पढ़कर पैदल अपने गांव लौट रही थी। आरोपी चालक ने उसे ऑटो में बिठाया। थोड़ा दूर जाने के बाद आरोपी ने उसे अगली सीट पर अपने पास बिठाने का प्रयास किया था। इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया था। पीछे से बाइक से आ रहे गांव मुर्तजापुर निवासी संजय और उनके पुत्र अर्पित ने ऑटो का पीछा कर उसे रुकवाया और छात्रा को बचाया था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पकड़े जाने से बचने के लिए संजय पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया था। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार दीखित ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मौके से कब्जे में लिए गए ऑटो को भी सीज कर दिया गया है।
विद्यालय में किया चोरी का प्रयास
नानौता। नानौता देहात क्षेत्र के गांव बुंदुगढ़ स्थित बंशीवाल पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य नीलू देवी द्वारा थाने में दी गई तहरीर में बताया गया कि मंगलवार रात चोरों ने विद्यालय में घुसकर मेन गेट, कार्यालय व अन्य कक्षों का ताला तोड़कर तोड़फोड़ करते हुए चोरी का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि पहले भी विद्यालय में इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। प्रधानाचार्य द्वारा पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।