सहारनपुर के देवबंद में अनुमति पत्र में बताए स्थान से हटकर ईदगाह मैदान में चुनावी सभा करने के चलते पुलिस ने बसपा प्रत्याशी माजिद अली समेत बसपा के कई नेताओं के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।
आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में बसपा प्रत्याशी माजिद अली और उनके समर्थकों के खिलाफ लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही है। सोमवार को प्रचार के अंतिम दिन बसपा प्रत्याशी ने प्रशासन से मोहल्ला खानकाह में कमरुज्जमा के मकान के पास चुनावी सभा करने की अनुमति ली थी,
लेकिन उन्होंने अनुमति पत्र में बताए स्थान से हटकर ईदगाह के मैदान में सभा का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और नेताओं को गलत स्थान का चयन कर चुनावी सभा करने से मना किया लेकिन वह नहीं माने।
जिसके चलते खानकाह पुलिस चौकी इंचार्ज नासिर हुसैन ने बसपा प्रत्याशी माजिद अली, उनके भाई सरफराज, पूर्व पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी, तंजीम खान, सागर देवबंदी, कलीम कुरैशी, फिरोज अहमद, बहार आलम सहित 20 नामजद जबकि सैकड़ों अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कराया है।
माजिद अली ने भीड़ जुटाने के लिए क्षेत्र में यह ऐलान भी कराया था कि फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी और जरीन खान चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी बसपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने के कई मामले दर्ज हो चुके हैं।