अबेहटा। पराली प्रबंधन में किसानों का सहयोग न करने वाले तीन ग्राम प्रधानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम नकुड हिमांशु नागपाल ने जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजा है। साथ ही फसल के अवशेष जलाने पर 12 किसानों के खिलाफ थानों में रिपोर्ट दर्ज कराकर 2 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
एसडीएम हिमांशु नागपाल ने बताया कि ग्राम टाबर, ढोला माजरा और बादूखेड़ी के प्रधानों द्वारा पराली प्रबंधन में किसानों को सहयोग नहीं करने के कारण कार्रवाई के लिए लिखा गया है। पराली प्रबंधन एवं फसल अवशेष को जलने से रोकने के लिए ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित हैं। पराली प्रबंधन के लिए तीतरो मंडी गौशाला कलसी खानपुर व बहादरपुर का चयन किया गया है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम प्रधान, लेखपाल, ग्राम सचिव तकनीकी सहायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पराली प्रबंधन के प्रचार प्रसार के लिए नामित किया है। किसानों से अपील है कि फसल अवशेषों को न जलाएं।