उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पूजा का किया समापन
सहारनपुर। कोरोना काल के बीच छठ महोत्सव धूमधाम से संपन्न हो गया। नदियों के घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने व्रत खोला। इस दौरान छठ माता और सूर्यदेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुनानहर के घाट पर सुबह पांच बजे से ही श्रद्घालुओं की भीड़ लग गई। घाट पर बनाई गई वेदियों पर पूजा अर्चना करने के साथ श्रद्घालुओं ने नदी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत खोला। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सामाजिक दूरी का पालन किया गया। नगर निगम और प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्था की गई।
उधर, बाबा लाल दास बाड़ा के निकट स्थित पूर्वी पांवधोई नदी छठ पूजा सेवा समिति द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति की ओर से मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई। इस मौके पर डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने परिवार संग सूर्यदेव और छठ मइया की पूजा कर आरती उतारी। इसके पश्चात विश्व में फैले कोरोना संक्रमण से बचाव की प्रार्थना की गई।
इस दौरान ठाकुर पवन सिंह, रामा सिंह, पंडित अवधेश तिवारी, संतोष शाह, आनंद सिंह, अर्जुन यादव, सन्नी राय, राजीव रावत, सावन, तन्नू, गोलू, संतोष, ब्रिजेश, प्रिंस,जितेंद्र, रोहित मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्वांचल कल्याण सभा के अध्यक्ष दानिश आजम ने नगर निगम और प्रशासन का आभार जताया।
-------------
बच्चों और युवाओं में रहा उत्साह
सहारनपुर। छठ महोत्सव पर बच्चों और युवाओं में भारी उत्साह रहा। नदी के घाटों पर बच्चों, युवतियों और युवकों ने पूजा अर्चना करते हुए सेल्फी ली। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पूजा अर्चना लाइव प्रसारण भी बचाया।
-------------
आतिशबाजी चलाई, रोशनी से जगमगाए घाट
सहारनपुर। नदियों के घाटों पर युवाओं ने आतिशबाजी चलाकर खुशी का इजहार किया। इसके साथ ही रंग-बिरंगी लाइटों से नदियों के घाट जगमगाए।
-----------
सुरक्षा व्यवस्था के किए कड़े इंतजाम
सहारनपुर। छठ महोत्सव को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। गंगोह रोड के मानकमऊ स्थित पूर्वी यमुनानहर के घाट पर भारी संख्या में पुलिस-फोर्स तैनात रहा। पुलिस-अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नगर निगम द्वारा सफाई, पथ प्रकाश और अन्य व्यवस्थाएं कराई गई। उधर, पांवधोई नदी के घाट पर भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखी।