युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ की हाथापाई, सिपाही चोटिल
बेहट। शाकंभरी गेट पर बुधवार की शाम दो बाइक सवारों में साइड लगने को लेकर विवाद होने पर एक बाइक पर सवार युवक दूसरे युवक की बाइक की चाबी निकालकर भागने लगा। यहां गेट पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक का पीछा कर उसे पकड़ा, तो युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। इस दौरान एक सिपाही के हाथ की उंगली जख्मी हो गई। पुलिसकर्मियों ने युवक को लाठी फटकार कर बड़ी मुश्किल से काबू में किया। युवक ने कई बार पुलिस की जीप से भी कूदने का प्रयास किया।
वाकया शाम करीब पौने 6 बजे का है। जसमौर निवासी कादिर बेहट से बाइक पर अपने गांव वापस लौट रहा था। शाकंभरी गेट पर कादिर की बाइक में पीछे से आए बाइक सवार युवक ने साइड मार दी और उल्टे कादिर से ही उलझने लगा। जब तक यहां ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक और सिपाही कुछ समझ पाते युवक कादिर की बाइक की चाबी निकाल कर भाग खड़ा हुआ। कादिर ने पुलिसकर्मियों से शिकायत की, जिस पर सिपाही ने युवक का पीछा किया और इसे शाकंभरी देवी रोड पर पकड़ लिया। इस पर युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। हाथापाई के दौरान सिपाही अजीत नैन के हाथ की उंगली जख्मी हो गई। बड़ी मुश्किल से तीन पुलिसकर्मियों ने युवक को लठियाकर जीप में डाला। उसने कई बार पुलिस की जीप से भी कूदने का प्रयास किया। मुश्किल से पुलिसकर्मी युवक को कोतवाली तक लेकर गए। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया, कि युवक नशे में है। उसने किस चीज का नशा किया है, यह तो पता नहीं। उसके घरवालों को बुलाया गया है।