सरसावा (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा में दो युवकों के बीच हुए झगड़े के निपटारे को लेकर ग्राम प्रधान के घेर में हुई पंचायत के दौरान हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो घायलों सहित एक अन्य ग्रामीण को हिरासत में लेकर थाने आ गई। इस मामले में सपा एमएलसी के ग्राम प्रधान भाई सहित 18 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
गांव नवादा में शनिवार की रात इकबाल पुत्र मंगता तथा निरोम पुत्र राजपाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। रविवार सुबह नौ बजे ग्राम प्रधान अजय सैनी के घेर में झगड़े के निपटारे के लिए पंचायत चल रही थी कि अचानक मामला बिगड़ गया। इसमें मारपीट और पथराव हो गया। इसमें गांव के भूषण तथा चंद्रपाल घायल हो गए। भूषण ने बताया कि उनका इस विवाद से कोई लेनादेना नहीं था वह तो ग्राम प्रधान के घेर के आगे से निकल कर खेत में जा रहा था। इसी दौरान पुलिस गांव में पहुंची और दोनो घायलों सहित मंगता को थाने ले आई। दोनो घायलों का पुलिस ने उपचार कराया। थाना प्रभारी अशोक कुमार सोलंकी ने बताया कि ग्राम प्रधान अजय सैनी ने लॉक डाउन का उल्लंघन कर अपने घर में भीड़ एकत्र की। जहां विवाद होने के बाद मारपीट भी हुई। इसमें पुलिस की तरफ से ग्राम प्रधान अजय सैनी सहित करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। बता दें कि ग्राम प्रधान अजय सैनी पूर्व काबीना मंत्री एवं वर्तमान में सपा एमएलसी साहब सिंह सैनी के छोटे भाई हैं। अजय सैनी का कहना है कि उनके घेर में मात्र पांच लोग थे। जो उचित दूरी बना कर बैठे थे। लॉक डाउन का कोई उल्लंघन नहीं किया गया।
सरसावा के निवादा में घायल युवक- फोटो : SAHARANPUR