बाल्लू में बुखार का कहर, ग्रामीणों का दावा जांच में डेंगू
तीतरो। गांव बाल्लू में लोग बुखार की चपेट में है। ग्रामीण दावा है कि गांव में डेंगू का प्रकोप है। लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर स्वास्थ्य विभाग की शिकायत कर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्षेत्र में लगातार बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। ग्रामीण मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत में आरोप लगाया कि 15 दिन से गांव में दस से ज्यादा ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। लेकिन शिकायत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग मरीजों की जांच कराने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। गांव में मच्छरों के कारण निकिता, रोहित कुमार, जयकुमार, गौरव, अन्नू, पिंकी, रूड़ा प्रजापति सहित कई लोग बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने खून की जांच कराई है, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजने की मांग की है। उधर, चिकित्सा प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने बताया कि बिना जांच के डेंगू के बारे में बता पाना संभव नहीं है। वैसे फिलहाल मलेरिया और टायफाइड बुखार चल रहा है। गावों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया है। शिविर लगाकर जांच कराई जाएगी।