संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम में नौकरी लगवाने का झांसा देकर रुपये ऐंठने वाली महिला कर्मचारी की खुद की नौकरी खतरे में है। नगर आयुक्त ने उसे आठ महीने में दूसरी बार निलंबित कर दिया है। ऐसा बीते आठ महीने से लगातार आ रही शिकायतों के बाद किया गया है।
नगर आयुक्त शिपू गिरि द्वारा जारी किए गए निलंबन आदेश में कहा गया है कि गृहकर एवं जलकर अनुभाग की दूसरी श्रेणी की कर्मचारी सीमा के खिलाफ श्रीकांत पुत्र मांगेराम निवासी गांव आसराखेड़ी द्वारा शिकायत की गई। श्रीकांत ने नगर आयुक्त को बताया कि महिला कर्मचारी ने नगर निगम में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के बदले में रुपये लिए हैं। श्रीकांत ने शिकायती पत्र के साथ शपथ पत्र भी नगर निगम में दिया है।
नगर आयुक्त का कहना है कि महिला कर्मचारी के इस कृत्य से नगर निगम की छवि धूमिल हुई है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऐसे में महिला कर्मचारी को निलंबित करने के साथ ही उसके विरुद्ध विभागीय/अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की है।
इससे पहले 29 जनवरी 2026 में भी यही महिला कर्मचारी निलंबित की जा चुकी है। तब गांव मनोहरपुर निवासी मदन सैनी ने 21 जनवरी को नगर आयुक्त से शिकायत की थी। मदन सैनी का आरोप था कि महिला कर्मचारी ने लिपिक बनवाने का झांसा देकर उससे 4.40 लाख रुपये लिए हैं। पीड़ित ने रुपये लिए जाने के सुबूत भी शपथ पत्र के साथ दिए थे। अब दोबारा निलंबन की कार्रवाई की गई है।