लोकसभा चुनाव 2019 में सहारनपुर लोकसभा सीट पर भाजपा पर गठबंधन भारी पड़ा। गठबंधन से बसपा प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान ने 22417 वोटों से भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा को हराया। कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे। फजलुर्रहमान की जीत पर गठबंधन में शामिल बसपा, सपा और रालोद कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई।
सहारनपुर में जनता रोड स्थित वेयर हाउस पर बृहस्पतिवार सुबह मतगणना शुरू हुई। दिन भर चली मतगणना के दौरान प्रत्येक राउंड में बसपा प्रत्याशी फजलुर्रहमान बढ़त बनाए रहे। अंतिम राउंड तक आने पर भी बसपा प्रत्याशी की बढ़त कम नहीं हुई और परिणाम जीत के रूप में सामने आ गया। भाजपा प्रत्याशी की रफ्तार बीच के राउंड में थोड़ी तेज हुई, लेकिन वह बसपा प्रत्याशी से आगे नहीं निकल सके।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद शुरुआती दौर में जब नगर विधानसभा क्षेत्र के वोट खुले, तो रफ्तार तेज थी, लेकिन उसके बाद एक लाख वोट तक पहुंचने के दौरान ही उनकी रफ्तार मंद पड़ गई और वह दो लाख वोट तक ही पहुंच सके। इस तरह से बसपा प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान को 514139 वोट मिले, तो दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा को 491722 वोट हासिल हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी 207068 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे।
बसपा प्रत्याशी की जीत से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद शहर के कई स्थानों पर खुशी में मिठाई बांटी गई, तो आतिशबाजी भी की गई और विजयी जुलूस भी निकाला गया। मतगणना संपन्न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने विजयी प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान को प्रमाण पत्र सौंपा।
पार्टी ---------प्रत्याशी-------------------- प्राप्त वोट
बसपा ----- हाजी फजलुर्रहमान --------- 514139
भाजपा -- राघव लखनपाल शर्मा -------- 491722
कांग्रेस --- इमरान मसूद ---------------- 207068
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-----मोहम्मद उवेस --- 2438
आपकी अपनी पार्टी (पीपल्स) --- पवन कुमार ---- 727
हिन्दुस्तान निर्माण दल-- ब्रजपाल सिंह ----- 1225
आम आदमी पार्टी ---- योगेश कुमार दाहिया --- -1449
इंकलाब विकास दल ---- रविंद्र कुमार -------- 718
निर्दलीय --------- अमर बहादुर ------------- 1091
निर्दलीय ------- इंदु देवी -------------------- 2199
निर्दलीय ------- शबनम ------------------- 4686
नोटा --------------------------------------- 4284
कुल वैध मत ----------------------------- 1227462
निरस्त हुए मत ------------------------- 360
योग ------------------------------------ 1232106