सहारनपुर के लखनौती में ट्रांसफार्मर प्रकरण में चार दिन से सिकंदरपुर बिजलीघर पर चल रहा भाकियू का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। नगरपालिका गंगोह चेयरमैन ने भी किसानों के बीच पहुंच कर उन्हें सर्मथन देने की घोषणा की।
भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार को लखनौती बिजलीघर से पांच एमवी का ट्रांसफार्मर ले जाने के प्रकरण में दस नामजद समेत पचास किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद यह मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है।
पहले दिन जहां भाजपा नेता चौधरी नक्षत्रपाल सिंह, बसपा नेता और पूर्व विधायक महीपाल माजरा किसानों के बीच उन्हें सर्मथन देने का एलान कर चुके हैं वहीं मंगलवार को नगरपालिका गंगोह चेयरमैन काजी नोमान मसूद भी किसानों के बीच उन्हें सर्मथन देने पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को पूरा करने की बजाय प्रशासन हठधर्मिता दिखा रहा है। उन्होंने प्रशासन द्वारा किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यदि किसी किसान को गिरफ्तार किया गया तो वे प्रशासन की ईंट से ईंट बजा देंगे। इस मौके पर माजिद, अंग्रेज, महबूब अली, ओमपाल, पहल सिंह सैनी, तेजपाल सिंह, इंद्र सिंह, वकील, दीपक चौधरी रहे।