सहारनपुर। नागल क्षेत्र में गांव साधरणसिर चौक से मीरपुर मोहनपुर तक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। किसानों ने भूमि के सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देने की मांग को लेकर काम रुकवा दिया है।
नागल क्षेत्र में सेतु निगम ने गांव साधरणसिर चौक से मीरपुर मोहनपुर तक 800 मीटर लंबे और 30 फिट चौड़े रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य छह माह पूर्व शुरू किया था। तब, किसानों ने सर्विस रोड बनाने की मांग को लेकर काम रुकवाया था। इस पर निर्माण कार्य में लगी कंपनी ने सर्विस रोड बनवा दी। अब किसानों ने उचित मुआवजा न देने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। अभी सिर्फ पुल के पिलर ही बन पाए हैं।
मीरपुर मोहनपुर निवासी किसान मुकेेेश सैनी, रामू वालिया और अर्जुन का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने पर राज्य सरकार ने भूमि के सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा देने का आश्वासन दिया था। मगर, वायदे के मुताबिक उन्हें चार गुना मुआवजा नहीं मिल रहा है। संबंधित अधिकारी दो गुना ही मुआवजा देने की बात कह रहे हैं। इससे क्षेत्र के किसानों में रोष है। जब तक चार गुना मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक पुल का निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। किसानों ने कहा कि अगर मांग पूरी न हुई तो न्यायालय में वाद दायर करेंगे।
पुल का निर्माण कार्य फिलहाल बंद है। मुआवजे को लेकर संबंधित अधिकारियों की किसानों से वार्ता चल रही है। उम्मीद है कि जल्द इस मामले का निस्तारण हो जाएगा और पुल का निर्माण कार्य शुरू होगा। -- मोहित कुमार, सहायक अभियंता, सेतु निगम
किसान मुकेश सैनी- फोटो : SAHARANPUR
नागल क्षत्र में अधर में लटका पुल निर्माण कार्य- फोटो : SAHARANPUR