बड़गांव। किसान मजदूर संगठन के जिला उपाध्यक्ष प्रिंस राणा के नेतृत्व में बेलड़ा नहर पुल पर बृहस्पतिवार को पांचवें दिन भी किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे।
धरनारत कार्यकर्ता गांव नूनाबड़ी के किसानों के सुचारु आवागमन के लिए गंगनहर पर पुल निर्माण, हिंडन की बाढ़ से बरबाद हुई फसलों के मुआवजे और विद्युत निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई को बंद करने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही नगर पालिका देवबंद में भायला फाटक पर चल रहे ओवर ब्रिज का निर्माण धीमी गति से होने के कारण त्रिवेणी शुगर मिल के चलने से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त करन की मांग भी किसान उठा रहे हैं। गलत भेजे जा रहे विद्युत के घरेलू बिलों को ठीक कराने की मांग की।
धरनारत किसानों के बीच देर शाम तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा था। भारतीय किसान मजदूर के जिलाध्यक्ष ठाकुर अजब सिंह का कहना है कि जब तक अधिकारी किसानों की मांगों पर कोई उचित आश्वासन नहीं देते तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान राव शोएब प्रधान, देशकुमार, राव अफजाल, सागर पुंडीर, राव गुफरान, बहेड़ा प्रधान मोहम्मद निसार आदि रहे।