सहारनपुर। मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को टीबी सेनोटोरियम में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार व एनसीडी की नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने संयुक्त रूप से कहा कि आज के समय में मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा बेहद आवश्यक है। समाज में इस विषय से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रशिक्षण जरूरी है। मानसिक समस्याओं को केवल दवा से नहीं बल्कि सामूहिक जागरुकता और सहयोग से हल किया जा सकता है।
मनोचिकित्सक डॉ. ख्वाजा खय्याम ने अवसाद, चिंता, घबराहट, बेहोशी, ओसीडी, सिजोफ्रेनिया, मिर्गी आदि मानसिक रोगों की जानकारी दी। नैदानिक मनोवैज्ञानिक देवेंद्र सिंह ने स्ट्रेस मैनेजमेंट पर विस्तार से बात की। वहीं मनोसामाजिक कार्यकर्ता अंशिका सिंह ने बताया कि मानसिक परामर्श के लिए जिला चिकित्सालय के कमरा संख्या 34-ए में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ओपीडी के समय परामर्श लिया जा सकता है। इस मौके पर मुदस्सर अली, विभु प्रताप सिंह, लोहित भारती, सूर्य प्रताप, दीपांश, बुशरा अंसारी आदि मौजूद रहे।