बकाया गन्ना मूल्य भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा ने शुक्रवार को गन्ना भवन पर धरना दिया और जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पूरा गन्ना मूल्य भुगतान होने तक किसानों से सभी प्रकार के ऋणों की वसूली पर रोक लगाई जाए।
डीसीओ को गन्ना आयुक्त के नाम सौंपे ज्ञापन में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा ने कहा कि लगातार लागत बढ़ने के बावजूद पिछले तीन वर्षों से न तो गन्ना मूल्य बढ़ा है और न ही समय पर गन्ना मूल्य भुगतान हो रहा है। एक तरफ तो बैंक किसानों से लोन पर ब्याज वसूल रहे हैं, जबकि बकाया गन्ना मूल्य पर प्रावधान होने के बाद भी किसानों केे ब्याज नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को देरी से होने वाले गन्ना मूल्य भुगतान पर ब्याज दिलाया जाए और पूरा भुगतान होने तक सभी प्रकार की देनदारियां स्थगित कर ब्याज भी माफ कराया जाए।
किसानों ने जिले की बिड़वी और दया शुगर मिल को चलाने के लिए ठोस कार्रवाई करने, बंद मिलों के कर्मचारियों को दूसरे चीनी मिलों में समायोजित करने और अगले वर्ष के लिए गन्ना मूल्य घोषित करने सहित अन्य मांग की।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष अरुण राणा, पहल सिंह यादव, मो. नादिर, देवेंद्र राणा, राय सिंह, सलीम, पाला राम, तेग सिंह, पितंबर सिंह, मुकेश कपिल, नाथीराम, राजकुमार सैनी, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, अशोक सैनी मौजूद रहे।