कलेक्ट्रट परिसर में आयोजित भाकियू की बैठक में भाग लेते किसान
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक परेशानी में है। उन्होंने तत्काल ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने और पूरा बकाया भुगतान होने तक किसी भी किसान का वसूली प्रमाणपत्र जारी नहीं करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि चेकिंग के नाम पर विद्युत निगम के अधिकारी किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं।
शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित मासिक पंचायत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान में जनपद में सबसे पीछे बजाज शुगर मिल चल रही है। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसान के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के नलकूपों पर जबरदस्ती मीटर लगाए जा रहे हैं। इसे भारतीय किसान यूनियन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। जिला महासचिव चौधरी अशोक कुमार ने कहा कि 16 से 18 जून तक उत्तराखंड के हरिद्वार में भाकियू का वार्षिक कुंभ आयोजित होगा। पंचायत के बाद भाकियू के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने पूरा बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने तक किसानों का वसूली प्रमाणपत्र जारी नहीं करने और बकाया विद्युत देयों की वसूली पर तत्काल रोक लगाने, हाई वोल्टेज विद्युत लाइन का एक समान मुआवजा दिलाने, जनपद में खस्ताहाल संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने और ग्राम रायपुर से अलाउद्दीनपुर उर्फ लांदीबांस के संपर्क मार्ग के निर्माण सहित अन्य मांग की। इस दौरान अध्यक्षता अमीर हैदर जैदी ने की। चौधरी जगपाल सिंह, मुकेश तोमर, तहसीन, संजय चौधरी, संजील, अरुण राणा, मनोज, केहर सिंह, रघुवीर, सुरेश सैनी, जयपाल प्रधान, भोला सिंह, प्रदीप राणा, नीटू, अमित मुखिया, संजय आर्य, सुरेश, महीपाल, भूरा, राजवीर, योगेंद्र पप्पू, नईम खां, शेरपाल राणा आदि मौजूद रहे।