छुटमलपुर में भाकियू की बैठक में समर्थकों के साथ जिला अध्यक्ष चौ चरण सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ राकेश टिकैत की औरंगाबाद में 15 दिसंबर को होने वाली जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए किसानों ने ताकत झोंक दी है। भाकियू जिला अध्यक्ष चौ चरण की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने छुटमलपुर में बैठक कर मुस्लिम समाज के लोगों को यूनियन की सदस्यता दिलाई।
सोमवार को मोहम्मद वसीम के निवास पर आयोजित बैठक में जिला अध्यक्ष चौ चरण सिंह ने कहा कि यदि किसानों को अपना हक पाना है तो उन्हें एकजुट होना होगा। सरकार पूंजीपतियों को संरक्षण दे रही है और किसानों का गला काटने पर उतारू है। गन्ना समर्थन मूल्य न बढ़ाना, इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा किसान गांव औरंगाबाद में 15 दिसंबर को प्रस्तावित चौ राकेश टिकैत की जनसभा में अपनी ताकत का अहसास कराएं। जिला उपाध्यक्ष डॉ. राजबीर सिंह कांबोज ने कहा कि किसान भाकियू के बैनर तले अपनी आवाज को बुलंद करें तो निश्चित रुप से सरकारों को अपना किसान विरोधी रवैया छोड़ना पड़ेगा। जिला प्रवक्ता चौधरी रघुबीर सिंह ने कहा कि किसान आज जाति धर्म के नाम पर न बंट कर अपनी ताकत का अहसास कराएं तभी वह अपने हकों को पा सकेगा।
बैठक में मोहम्मद वसीम की अगुवाई में सईद अहमद, सरवर, अनवर, वसीम, अफजल, परवेज, अरविंद, हसीब, सोनू कांबोज, केसर, मोहम्मद अली, मोहतरम, फरमान, कुददूस, मा शहीद, नदीम, शमीम आदि ने भाकियू की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद किसान नेताओं ने आस पास के गांवों का दौरा कर 15 दिसंबर को औरंगाबाद पहुंचने का आमंत्रण किसानों को दिया।