ओलावृष्टि से बागों और गेहूं सहित अन्य फसलों में हुए नुकसान का जल्द सर्वे कराकर राज्य सरकार से मुआवजा दिलाने सहित अन्य मांगों को लेकर भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने भारतीय किसान संघ के नेताओं के साथ जिलाधिकारी पवन कुमार से मुलाकात की।
उन्होंने बकाया गन्ना मूल्य दिलाने और गेहूं की सरकारी खरीद सुचारु कराने आदि की भी मांग भी की।
ओलावृष्टि से जिले में फसलों में हुए नुकसान की भरपाई कराने के लिए मुआवजा दिलाने की मांग लेकर भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा शनिवार को भारतीय किसान संघ के नेताओं के साथ डीएम से मिले।
सांसद ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि से गेहूं, बागों और अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन फसलों में नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर राज्य सरकार से पर्याप्त मुआवजा दिलाए।
उन्होंने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जो मिलें गन्ना मूल्य देने में कोताही बरत रहीं हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्रबंधन को जेल में डाल दें।
देवबंद क्षेत्र के शेरपुर, जयापुर, जडौडा पांडा आदि गांवों को लिंक नहर से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इसको लेकर स्थानीय किसानों में भारी रोष व्याप्त है। जिला प्रशासन किसानों की जायज मांगों को जल्द पूरा कराए।
जिलाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि किसानों की तमाम समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रशासन बेहद गंभीर है। गन्ना भुगतान और गेहूं खरीद को लेकर भी प्रशासन सजग है। लिंक नहर में कुछ कार्य होना है, इसका प्रस्ताव भी पास हो गया है, शीघ्र ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
इस दौरान भारतीय किसान संघ के वरिष्ठ नेता श्यामवीर त्यागी, पूर्व विधायक मामचंद लांबा, हरवीर सिंह, विक्रम सिंह पंडीर, राहुल त्यागी, कृष्ण सिंह, सुधीर पुंडीर, रणवीर सिंह, हेम सिंह तोमर, रवकिन्द्र सिंह, सुशील, आरिफ तोमर सहित अन्य मौजूद रहे।