फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान बहुमत में, राजनीतिक लॉबी कमजोर, अपना वकील मजबूत चुनिए : जयंत

Fri, 04 Sep 2026 01:13 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर मनिहारान । केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि किसान बहुमत में हैं और उनके बल पर सरकारें बनती-बिगड़ती हैं लेकिन राजनीतिक गलियारों में उसकी लॉबी कमजोर है। ऐसे में किसानों को अपना वकील मजबूत चुनना होगा।
विज्ञापन

गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में बृहस्पतिवार को आयोजित स्वाभिमान रैली में जयंत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ने का उत्पादन 2016-17 में करीब 1,400 लाख टन था, जो अब बढ़कर करीब 2,400 लाख टन हो गया है। उन्होंने गन्ने की रिकवरी में भी सुधार का दावा किया। कहा कि किसानों ने नई किस्मों और बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाकर जोखिम लिया, जिसका लाभ उन्हें बेहतर कमाई के रूप में मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि गन्ना किसानों को करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की दिशा में मजबूती से काम करने की जरूरत है। चीनी, रसगुल्ले और गुलाब जामुन की कीमतों की चिंता करने वालों को किसान की लागत और आमदनी की भी चिंता करनी चाहिए।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए चौधरी जयंत ने कहा कि व्यवस्था के खिलाफ खड़े होने वालों के लिए योगी सख्त हैं लेकिन किसान के लिए उनका दिल नरम है। जब रालोद विधायक गन्ने के रेट और किसानों के मुद्दे लेकर मुख्यमंत्री से मिलते हैं तो योगी कहते हैं कि मैं भी किसान हूं।

कोल्हू-खांडसारी को लेकर सरकार के फैसले का भी जिक्र
जयंत ने गन्ना नियंत्रण आदेश-2026 में प्रस्तावित बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि चीनी मिल की 25 किलोमीटर की परिधि में कोल्हू या खांडसारी यूनिट लगाने के लिए अनुमति और संबंधित चीनी मिल से एनओसी की व्यवस्था प्रस्तावित थी। इससे किसानों के वैकल्पिक बाजार प्रभावित होते हैं। उन्होंने दावा किया कि किसानों के सुझावों के बाद सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी और वापस ले लिया।

एनडीए मजबूत और आगे भी रहेगा
चौधरी जयंत ने कहा कि एनडीए मजबूत है और आगे भी रहेगा। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था के सामने चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में रहने वाले बच्चों, युवाओं, छोटे किसानों और छोटे उद्यमियों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है।

युवाओं और नशे का मुद्दा भी उठाया
जयंत ने युवाओं के लिए स्टार्टअप, कौशल और शिक्षा को जरूरी बताते हुए कहा कि हर युवा खेती में भविष्य नहीं देखता, इसलिए रोजगार के नए रास्ते तैयार करने होंगे। उन्होंने पश्चिमी यूपी में बढ़ते सूखे नशे को साइलेंट एपिडेमिक बताते हुए समाज से इसके खिलाफ अभियान चलाने की अपील की। नशे से जूझ रहे लोगों और उनके परिवारों से मदद लेने में शर्म न करने की अपील करते हुए हेल्पलाइन नंबर 14446 का उल्लेख किया। नेपाल में हुई तबाही पर भी दुख जताया और सभी से सहयोग की अपील की।
-
शौर्य चक्र विजेता की सीख का किया जिक्र
जयंत ने कुछ दिन पूर्व सैनिकों और रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए हरियाणा के शौर्य चक्र विजेता जय सिंह की बात साझा की। बताया कि जय सिंह ने कहा था कि जीवन का उनका मंत्र है कि उनकी कथनी, करनी या किसी काम से किसी को ठेस न पहुंचे और वे कभी अपना दुश्मन न बनाएं। युद्ध में दुश्मन के टैंक ध्वस्त करने वाले शौर्य चक्र विजेता की यह सोच उन्हें बेहद प्रभावित करती है और हर युवा को इससे सीख लेनी चाहिए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें