सहारनपुर, देवबंद। बजाज शुगर मिल गांगनौली (नागल) द्वारा समय पर गन्ना भुगतान नहीं किए जाने से क्षेत्र के किसानों में भारी रोष है। किसानों का कहना है कि होली का त्योहार निकट आ चुका है। ऐसे में गन्ना भुगतान नहीं होने से किसानों को रंगों का त्योहार होली बेरंग नजर आ रही है।
खेड़ा मुगल के किसान राजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, राकेश व समयपाल सिंह का कहना है कि सरकार का 14 दिन में गन्ना मूल्य कराने का वादा झूठा साबित हुआ है। बजाज शुगर मिल भुगतान के मामले में जनपद में फिसड्डी है। जिस कारण किसानों को कम दामों पर अपना गन्ना कोल्हुओं में डालने को मजबूर होना पड़ रहा है। गंगदासपुर के किसान भगत सिंह वर्मा, रामकुमार, दीपक चौधरी व समय सिंह ने कहा कि गन्ने का भुगतान समय पर न होने के कारण प्रदेश के पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सरकार को सबक लेते हुए ठोस और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। पनियाली के किसान राजेश्वर व मोहन सिंह ने बताया कि बजाज शुगर मिल ने अब तक नवीन पेराई सत्र का मात्र कुछ दिन का ही भुगतान किया है। सरकार को किसानों का उत्पीडऩ करने वाली मिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
वर्जन
किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता के साथ निपटाया जा रहा। किसानों के गन्ने का भुगतान न करने वाली मिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - युवराज सिंह, एसडीएम देवबंद।