ट्रैक्टर पलटने से नीचे दबकर किसान की मौत
सरसावा (सहारनपुर)। धान बेचकर घर लौट रहे किसान की अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। जबकि उसके दो भाईयों ने ट्रैक्टर से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचा ली।
बुधवार रात करीब 10 बजे क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमी का निवासी किसान जितेंद्र सिंह (25) अपने दो भाइयों भूपेंद्र सिंह तथा दिलराज सिंह के साथ हरियाणा के जगाधरी शहर में स्थित मंडी में धान बेचकर गांव वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि खाली ट्रैक्टर ट्राली लेकर लौटते समय जगाधरी में झोटा रोड पर अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्डे में पलट गई। ट्रैक्टर चला रहा भूपेंद्र तथा उसका भाई दिलराज तो ट्रैक्टर से कूद गए। जबकि ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा जितेंद्र उसके नीचे दब गया। काफी मशक्कत के बाद जब राहगीरों की सहायता से ट्रैक्टर को सीधा कर जितेंद्र को निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। दोनों भाई रोते बिलखते उसका शव लेकर गांव लौटे। बेहद गमगीन माहौल में जितेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।