सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित लक्ष्मणपुरी कॉलोनी निवासी शालू रानी ने पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी जीएसटी पंजीकरण कराने का आरोप लगाते हुए थाना सदर बाजार में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शालू रानी ने तहरीर में बताया कि उनके पैन कार्ड का अज्ञात व्यक्तियों ने गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया। हाल ही में उन्हें आयकर विभाग से एक नोटिस प्राप्त हुआ, जिसमें वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान जेएमवी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुए लेनदेन के संबंध में जानकारी मांगी गई। पीड़िता के मुताबिक जब उन्होंने जीएसटी पोर्टल पर जांच की तो पता चला कि उनके पैन नंबर का इस्तेमाल कर बिना उनकी जानकारी और अनुमति के दो जीएसटी पंजीकरण कराए गए हैं। पहला पंजीकरण सुमित एंटरप्राइजेज के नाम पर 21 फरवरी 2023 को कराया गया था इस पंजीकरण को 27 मार्च 2024 को निरस्त कर दिया गया।
दूसरा पंजीकरण सरसावा एंटरप्राइजेज के नाम पर 22 फरवरी 2023 को कराया था। यह पंजीकरण आठ अप्रैल 2024 को स्वतः निरस्त हो गया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने कभी जीएसटी पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं किया और न ही अपने नाम से किसी प्रकार का व्यापार किया है। उनका आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उनके पैन कार्ड और व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से जीएसटी पंजीकरण कराए हैं।