बड़गांव। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बड़ूली रेस्ट एरिया में वे-साइड एमिनिटीज के तहत पेट्रोल पंप, फूड कोर्ट और अन्य आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ कर दिया गया है।
एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद से यात्रियों को खाने-पीने और पेट्रोल के लिए हाईवे से नीचे उतरना पड़ता था। अब बड़गांव इंटरचेंज के पास बने इस हाईटेक रेस्ट एरिया बड़ूली से यह समस्या खत्म हो गई है। भारत पेट्रोलियम के पंप से यात्रियों के लिए 24 घंटे पेट्रोल-डीजल उपलब्ध रहेगा। इसके लिए बड़ूली रेस्ट एरिया और बड़गांव इंटरचेंज पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की विशेष व्यवस्था की जा रही है। बुधवार शाम मुख्य अतिथि भारत पेट्रोलियम के हेड (रिटेल) नॉर्थ अचमन त्रेहान व स्टेट हेड (रिटेल) यूपी वेस्ट एंड यूके अमोल भोसले ने फीता काट सुविधाओं का लोकार्पण किया। लंबी दूरी के मुसाफिरों के लिए यहां कई तरह के रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट और स्नैक्स काउंटर शुरू किए गए हैं। साथ ही पार्किंग, स्वच्छ शौचालय, एटीएम, और भविष्य के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन आदि जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। इस दौरान डीएसडी डब्लूएसए प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुभाष त्यागी और एनएचएआई जेई सोनू सिंह आदि मौजूद रहे।