बहादराबाद। थाना क्षेत्र में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक कार से 300 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस की तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरू में दो आरोपियों को मौके से पकड़ा गया था, जबकि तीसरा फरार हो गया था जिसे कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे हाइवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने जब एक कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गति तेज कर भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी करके कार को रोक लिया। इस दौरान एक आरोपी कार से कूदकर भाग निकला जबकि दो को पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान गुल मोहम्मद निवासी मीना बाजार, बुलंदपुर, सहारनपुर और शोभन निवासी फौलाद पूरा सियापला, सहारनपुर यूपी के रूप में बताई। संवाद