गागलहेड़ी क्षेत्र में बारिश से खराब हुई कद्दू की फसल। संवाद
गागलहेड़ी। पिछले दस दिन से हर रोज हो रही बारिश के कारण बेल की सब्जियों को बहुत नुकसान पहुंचा है। खेत खलिहानों में बारिश का पानी लगातार भरा रहने से सब्जी की बेलें गल गई है।
पहले से ही खेतों में अधिक पानी भरा होने के कारण जहां धान और गन्ने की फसल को फायदा हो रहा है वही बेल पर लगने वाली सब्जियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बेल पर लगने वाली लौकी, तोरी, कद्दू, सेम, खीरा, करेले की फसल बर्बाद हो गई है। अधिक बारिश के कारण इन सब्जियों की बेलो में गलन आ गई है। इन पर लगने वाली सब्जियां नष्ट हो गई है। इन सब्जियों की फसल खराब होने के कारण इन दामों में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है।
लौकी सामान्य भाव दस से बीस रुपये प्रति किलो बाजार में उपलब्ध होती थी वहीं अब इसका मंडी में ही भाव 35 से 40 रुपये प्रति किलो है। ऐसे ही टमाटर 90 से 100 रुपये और तोरी के रेट भी आसमान छू रहे हैं। मंडी आढ़तियों आदित्य गोयल का कहना है कि यदि इसी तरह से आगामी दिनों में बारिश लगातार जारी रही तो इस बार सब्जी की फसलें बर्बाद हो जाएंगी और मंडी में इनके दाम आसमान पर होंगे।