- तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्र के एक गांव में पूर्व सैनिक की 14 वर्षीय बेटी रा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। दहशत में आई पीड़िता ने स्कूल तक जाना छोड़ दिया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूर्व सैनिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी चारे के लिए खेतों की ओर गई थी। इसी दौरान वह बराबर वाले घर के भीतर से बने रास्ते से गुजर रही थी। रास्ते में पहले से मौजूद ग्राम निवासी दानिश, आस मोहम्मद उर्फ लक्की और तालिब ने उसका पीछा किया और मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। आरोप है कि घटना के बाद किशोरी घर पहुंची और अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। इसके तुरंत बाद तालिब नामक युवक ने किशोरी को फोन कर धमकी दी कि वीडियो उसके पास मौजूद है, यदि मुलाकात नहीं की तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा। परिजनों के अनुसार इस घटना से डरी सहमी किशोरी ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया है। सीओ शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।