सहारनपुर। जून माह की भीषण गर्मी के बावजूद जल निगम अमृत योजना को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है। नतीजा यह है कि दो साल में अमृत योजना के तीन में से एक चरण पर भी काम पूरा नहीं हो सका है। जिन पांच हजार घरों में दो साल पहले कनेक्शन दिए गए थे, उनमें अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। ऐसे में घरों में लगे कनेक्शन मुंह चिढ़ा रहे हैं।
अमृत योजना के तहत करीब 20 हजार घरों में पेयजल कनेक्शन देने की योजना करीब दो वर्ष पहले शुरू की गई थी। योजना तीन चरण में पूरी होनी थी। पहले चरण में करीब 9620 घरों में पेयजल कनेक्शन दिए जाने थे, लेकिन उसमें भी अड़चन आने की वजह से मानकमऊ क्षेत्र की कई कॉलोनियों में आज तक पानी नहीं पहुंचा है। दूसरे चरण में 7060 घरों में नए कनेक्शन दिए जाने थे। इसमें बेहट रोड की कई कॉलोनियां शामिल हैं, जिनमें करीब दो वर्ष पहले पाइपलाइन डाली गई थी। सभी घरों में कनेक्शन दे दिए गए थे। गांव मढ़, ग्रीन सिटी कॉलोनी और पारसपुरम में ओवरहेड टैंक भी काफी पहले बनाए जा चुके हैं, लेकिन जल निगम अभी तक ओवरहेड टैंक परिसरों में काम को पूरा नहीं कर सका है। करीब दो वर्ष बाद भी घरों तक पानी नहीं पहुंचने की वजह से लोगों में नाराजगी है।
पास हुआ था 100 करोड़ का बजट
वर्ष 2019 में अमृत योजना के तहत नगर की पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए करीब सौ करोड़ रुपये का बजट पास हुआ था। कार्य तीन चरणों में पूरा होना था, जो दिसंबर 2020 तक पूर्ण होना था। पहले चरण के लिए 28.35 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। इससे सात नलकूप, चार ओवरहेड टैंक, 104 किलोमीटर की पाइपलाइन बिछाई गई। जिनमें पानी की आपूर्ति चालू की जा चुकी है। दूसरे चरण के लिए 27 करोड़ 59 लाख रुपये जारी किए गए थे। इस पैसे से तीन ओवरहेड टैंक और पांच नलकूप लगाए जाने थे। 103.45 किलोमीटर की पाइपलाइन करीब डेढ़ वर्ष पहले डाली जा चुकी है। दूसरे चरण में 7060 घरों में नए कनेक्शन दिए जाने थे। पाइपलाइन बिछे डेढ़ वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। तीसरे चरण के लिए 55 करोड़ रुपये स्वीकृत थे। तीसरे चरण पर अभी काम शुरू नहीं हो सका है।
नागरिकों की बात
- चकदेवली निवासी महफूज का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले पाइपलाइन डाली दी गई थी। कनेक्शन देते समय कहा गया था कि दिसंबर 2020 तक लाइन चालू कर दी जाएगी, मगर अभी तक पानी नहीं पहुंचा है।
- नाजिरपुरा निवासी गोविंद कुमार का कहना है कि जून माह चल रहा है। हर जगह पानी का संकट है। हैंडपंप कम पानी दे रहे हैं। उम्मीद थी कि जल निगम की टोंटियों से पानी आएगा, मगर अभी तक कुछ नहीं हुआ है।
पहले चरण में कितने घरों में कनेक्शन दिए गए हैं इसकी सूची देने के लिए जल निगम से कहा गया था, जिससे क्रॉस चेकिंग कराई जा सके, मगर जल निगम सूची नहीं दे पा रहा है। दूसरे चरण में काम धीमी गति से चल रहा है, जिसके कनेक्शनों की जानकारी भी नहीं दी जा रही है।
- मनोज आर्य, महाप्रबंधक, जलकल विभाग।
अमृत योजना के तहत पहला चरण पूरा हो चुका है। मानकमऊ को छोड़कर शेष सभी कॉलोनियों में लोगों को पानी मिल रहा है। दूसरे चरण में बेहट रोड की कॉलोनियों में पानी आपूर्ति होनी है। ओवरहैड टैंक और नलकूप तैयार हैं, मगर बिजली के कनेक्शन होने में अड़चन आ रही है। जैसे ही बिजली के कनेक्शन होंगे, तो आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।
- वेदपाल सिंह, सहायक अभियंता, जल निगम।
बेहट स्थित ग्रिन सिटी कॉलोनी में बनायी गयी पानी की टंकी का पंप- फोटो : SAHARANPUR
ज्ञानागढ़ में दिया गया पानी का कनेक्शन- फोटो : SAHARANPUR
महफूज- फोटो : SAHARANPUR
गोविन्द कुमार- फोटो : SAHARANPUR