बड़गांव। गांव मौरा गंगा की लिंक नहर पर बने सिंचाई विभाग के पंप हाउस से चोर लाखों रुपये कीमत के विद्युत उपकरण चोरी कर ले गए। चोर रात में छत के रास्ते पंप हाउस में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सोमवार सुबह कुछ किसान पंप हाउस पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला। पंप सेट से इंपेलर, कपलिंग, टूलकिट समेत कीमती सामान गायब था। पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। सूचना पर पुलिस व सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस पंप हाउस से मौरा, बालूमाजरा, शेरपुर, किशनपुरा, घिसरपड़ी, जयपुर समेत करीब 12 गांवों के खेतों में सिंचाई होती है। नल्हेड़ा रजबहे में पहले से ही पानी की सप्लाई ठप है। अब पंप हाउस बंद होने से गन्ना, धान, चरी आदि फसलों पर संकट खड़ा हो गया है।
किसान विनोद कुमार, अरविंद त्यागी, शालू, वीरेंद्र, दिनेश व गोरधन ने बताया कि गंगनहर का पानी ही एकमात्र सहारा है। निजी नलकूप सबके पास नहीं हैं। जल्द पंप चालू नहीं हुआ तो उनकी फसल सूख जाएगी। उधर, सिंचाई विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।