पुलिस जांच में हुआ खुलासा, एसपी देहात ने भी किया स्कूल का निरीक्षण
बच्चों को समझा बुझा कर किया परिजनों के सुपुर्द
संवाद न्यूज़ एजेंसी
सरसावा(सहारनपुर)। नगर के प्राथमिक विद्यालय में एक सप्ताह में चार बार हुई चोरी का पुलिस ने नाटकीय ढंग से खुलासा कर दिया। स्कूल की कक्षा 5 के ही तीन छात्रों ने हेड मास्टर द्वारा की गई पिटाई का बदला लेने के लिए स्कूल से सामान निकाल कर कहीं छुपाकर रख दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सारा सामान बरामद कर लिया।
नगर के झंडा चौक पर पुलिस स्टेशन से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पुलिस की चौकसी को धता बता कर लगातार चावल दाल मिड डे-मील से जुड़ा अन्य सामान तथा बर्तन आदि चोरी हो रहे थे। शनिवार को भी जब हेड मास्टर स्कूल पहुंचे तो एक बार फिर से ताले टूटे मिले। उन्हाेंने तत्काल पुलिस को शिकायत की। जहां समाधान दिवस में एसपी देहात सागर जैन भी थे। इस पर एसपी देहात स्कूल पहुंचे तथा जांच पड़ताल की।
पुलिस सक्रिय हुई तो उसे बच्चों से कुछ सुराग मिला। इस पर पुलिस ने कक्षा पांच के तीन छात्राें को लाड़ दुलार करते हुए पूछताछ की तो सारा मामला खुल गया। तीनों ने बताया कि हेड मास्टर ने बिना गलती के उनकी लातों और घूंसों से पिटाई की थी, इसीलिए उन्होंने हेड मास्टर को सबक सिखाने के लिए सामान निकालकर कहीं छुपा दिया था। बताया कि उन्होंने रात में कोई सामान नहीं निकाला बल्कि दोपहर में विद्यालय बंद होने के बाद सामान निकालकर छुपा देते थे। उनके द्वारा बताए गए स्थान से पुलिस ने मिड डे-मील से जुड़ा सामान तथा बर्तन आदि बरामद कर लिए। सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुबे सिंह ने बताया कि बच्चों ने नासमझी में ये काम किया है जिन्हें समझा बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।