सहारनपुर। स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक सर्किट हाउस में हुई। अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष कमिश्नर संजय कुमार ने की। उन्होंने स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों से योजना के तहत होने वाले कार्यों की प्रोग्रेस के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पांवधोई और ढमोला नदी के किनारों को जल्द से जल्द अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बोर्ड अध्यक्ष संजय कुमार ने मुख्य अभियंता निर्माण, अतिक्रमण प्रभारी व प्रवर्तन दल प्रभारी को परस्पर समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि पांवधोई व ढमोला नदी के टेंडर अपलोड कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अधिकारियों को भी दाल मंडी पुल, पुल जोगियान व सब्जी मंडी पुल के चौड़ीकरण व निर्माण के लिए इस्टीमेट बनाने को कहा गया है। रायवाला, जुबली पार्क में बनने वाले मल्टीपल शॉपिंग कांपलेक्स और कार पार्किंग केे संबंध में जानकारी ली। जुबली पार्क में बनने वाली मल्टीपल कार पार्किंग का डेमो प्रस्तुत किया गया।
अध्यक्ष ने स्मार्ट सिटी के सीईओ/नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को निर्देश दिया कि पीएमसी (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट) व एसपी ट्रैफिक के साथ इस प्रोजेक्ट का अध्ययन करें। रायवाला में मल्टीपल कार पार्किंग के लिए उन्होंने एसडीए के अधिशासी अभियंता को भूउपयोग की जांच के निर्देश दिए। खत्ताखेड़ी में कामर्शियल कांपलेक्स निर्माण के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल, एसएसपी एस चनप्पा, नोडल अधिकारी बीके सिंह, निदेशक सुशील पुंडीर, लेखाधिकारी राजीव कुशवाह, मुख्य अभियंता विद्युत जीसी झा आदि मौजूद रहे।
कार पार्किंग बनाने की तैयारी
दीवानी कचहरी और कलक्ट्रेट कोर्ट के निकट भी मल्टीपल कार पार्किंग की आवश्यकता महसूस करते हुए सुझाव मांगे गए। सीईओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बीते दिनों मेयर संजीव वालिया व जिला जज से वार्ता हुई थी। जिला जज के मुताबिक मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद ने दीवानी कचहरी परिसर में इसके निर्माण की स्वीकृति दे दी है। इसके लिए कमेटी गठित कर उसका सर्वे व कुछ अन्य आवश्यक कार्रवाई के बाद काम शुरू किया जाएगा।
स्टेडियम के सुंदरीकरण के निर्देश
बोर्ड अध्यक्ष ने डॉ. आंबेडकर स्टेडियम के सुंदरीकरण व सुविधाओं संबंधी प्रोजेक्ट के संबंध में कहा कि यह युवाओं और खिलाड़ियों से संबंधित प्रोजेक्ट है। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। स्टेडियम में डॉरमेट्री, टॉयलेट ब्लॉक, इंडोर गेट आदि का निर्माण गुणवत्ता से करने के निर्देश दिए। सीईओ ज्ञानेंद्र सिंह को आरएसओ, पीएमसी के संजय वर्मा व स्मार्ट सिटी सलाहकार मोहित मिश्रा की कमेटी गठन के निर्देश दिए।
शहर के प्रवेश द्वार पर बनेंगे सुंदर गेट
बोर्ड अध्यक्ष ने शहर में बाहर से आने वाले सभी प्रमुख मार्गों के प्रवेश पर खूबसूरत गेट बनवाने के लिए पीएमसी को उसका डिजाइन जल्दी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वुडकार्विंग सिटी है, बेहतर होगा इन गेट का डिजाइन इसी थीम पर आधारित हो।
सर्किट हाउस में स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक को संबोधित करते मंडलायुक्त व बोर्ड अध्यक्ष संजय कुमा?- फोटो : SAHARANPUR