देवबंद। क्षेत्र के झबीरन मार्ग पर देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें गोतस्कर मोहल्ला बेरुन कोटला निवासी नदीम और अबुलमाली निवासी साकिब पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार एसआई अजब सिंह पुलिस फोर्स के साथ रेलवे लाइन पुल के नीचे झबीरन मार्ग पर गोकशी की रोकथाम के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच रहमतनगर की ओर से आई एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। दोनों बाइक घुमाकर फरार होने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। जिसके बाद उन्होंने पेड़ की आड़ लेकर पुलिस पर फिर से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें साकिब और नदीम गोली लगने से घायल हो गए।
सीओ अभितेश सिंह ने बताया दोनों बदमाश गोकशी की वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। नदीम पर पहले से गैंगस्टर एक्ट और गोकशी समेत आधा दर्जन मामले दर्ज हैं, जबकि साकिब पर भी गोकशी से जुड़े कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो 315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं।