संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। महानगर में मंगलवार को विद्युत लाइनों और उपकरणों की मरम्मत के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता तकनीकी गौरव कुमार ने बताया कि अलग-अलग विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े फीडरों पर रिकंडक्टरिंग, जर्जर तार व पोल बदलने तथा ट्रांसफार्मर बदलने का काम कराया जाएगा।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र जैनबाग से पोषित होने वाली कॉलोनियों में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्य होगा। अंबाला रोड उपकेंद्र से पोषित 11 केवी पुरानी मंडी फीडर पर दोपहर 12 से दो बजे तक डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर पर कार्यक्रम होगा। घंटाघर उपकेंद्र से पोषित 11 केवी राम नगर फीडर पर दोपहर 12 से दो बजे तक काम होगा। इसके चलते गोविंद नगर, बेदी गली और राम नगर में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। मंडी समिति उपकेंद्र से पोषित 11 केवी मेहंदी सराय फीडर पर दोपहर 12 से दो बजे तक मरम्मत कार्य के चलते आपूर्ति बाधित रहेगी। मानकमऊ शहरी उपकेंद्र से पोषित 11 केवी नवादा रोड फीडर पर सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक कारोबार प्लान के तहत कार्य होगा। पुल खुमरान उपकेंद्र से पोषित 11 केवी चौक फव्वारा, बढ़तला और आनंदपुरी फीडरों पर सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक 33 केवी लाइन पर आ रहे पेड़ों की कटाई-छंटाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।