सरसावा/सहारनपुर। अहमदपुर गांव के पास सर्विस रोड से जा रहे कांवड़ियों के ट्रैक्टर-ट्रॉली में बिजली की लाइन से करंट दौड़ गया। हादसे में कैथल जिले के दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे के समय कांवड़िये आगे जा चुके साथियों द्वारा गूगल मैप पर भेजी गई लोकेशन को ट्रैस करते हुए जा रहे थे। जिस कारण वह कांवड़ मार्ग से रास्ता भटक गए थे। दूसरे हादसे में पानीपत के एक अन्य कांवड़िये की भी मौत हो गई।
हादसा सोमवार रात करीब दो बजे हुआ। हरियाणा के कैथल जिले के सिवन गांव निवासी 10-12 कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली में रुड़की-पंचकूला हाईवे से लौट रहे थे। इनके कुछ साथी शाहजहांपुर पहुंच गए थे। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे आ रहे अपने साथियों को एक कांवड़ शिविर की लोकेशन भेज दी। कांवड़ियों ने गूगल मैप के हिसाब से हाईवे से सरसावा आने के लिए ग्राम अहमदपुर के समीप सर्विस रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली उतार दी। जो गलत रूट था।
ट्रॉली में लोहे का पाइप बंधा हुआ था, जो सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली की लाइन से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। ट्रैक्टर-ट्राली सवारों को तो केवल करंट के झटके लगे। जबकि नंगे पैर ट्रॉली को पकड़ कर पैदल चल रहे कुलदीप (22) पुत्र शानूराम और लखन (23) पुत्र सुरेश गंभीर :प से झुलस गए। पता चलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया, जहां पर कुलदीप और लखन की मौत हो गई। वहीं अन्य कांवड़ियों को उपचार के बाद छुट्टी मिल गई।
उधर, दूसरा हादसा देवबंद-नानौता मार्ग पर भायला गांव के नजदीक हुआ। जहां धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की कांवड़ियों की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में पानीपत निवासी सेठपाल (24) पुत्र ईश्वर सिंह की मौत हो गई। वह अपने 10-12 साथियों के साथ पिकअप गाड़ी से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहा था।
- कांवड़ियों को गलत रास्ते पर खींच ले गई मौत
कांवड़ियों के मार्ग पर सरसावा कस्बा नहीं आता है। उन्हें सरसावा के बाईपास से होते हुए शाहजहांपुर पहुंचना था, लेकिन उनके आगे जाने वाले साथियों ने सरसावा के पास से गुजरते हुए अपनी लोकेशन भेजी तो उसमें सरसावा आया। इसे फालो करने के दौरान वे रुड़की पंचकुला मार्ग से नीचे उतर गए और सर्विस रोड पर पहुंचकर हादसे का शिकार हो गए। क्योंकि यह मार्ग कांवड़ यात्रा से जुड़ा नहीं है। ऐसे में इसमें विद्युत लाइनों से सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए हुए हैं।
वर्जन : कांवड़ियों के निधन की घटना बेहद दुखद है। विद्युत लाइन काफी ऊंचाइयों पर हैं। कांवड़ियों से अपील है कि इतनी ऊंची कांवड़ लेकर न आएं, जिनका विद्युत लाइन से टकराने का खतरा है। -एसके अग्रवाल, मुख्य अभियंता