नानौता में घायल का उपचार करता स्वास्थ्य कर्मचारी
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली ने गांव चौरा के पास सड़क पर वाहन का इंतजार कर रही 60 वर्षीय वृद्ध महिला और उसके पौत्र को टक्कर मार दी। इससे महिला की मौत हो गई। जबकि घायल पौत्र नानौता सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में रेफर किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग गया। मृतक महिला के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
नानौता थाना क्षेत्र के ग्राम काशीपुर निवासी विद्या भूषण पुत्र नंद किशोर उर्फ तेलू राम शर्मा ने दी तहरीर में बताया शनिवार की सुबह करीब नौ बजे उसकी माताजी उर्मिला देवी पत्नी नंद किशोर शर्मा और उसका भतीजा कुलभूषण पुत्र प्रदीप नानौता में स्थित शनि देव मंदिर में जाने के लिए ग्राम चौरा के पास सड़क किनारे खड़े होकर वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे। तभी लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने दोनों को टक्कर मार दी। इस दादी और पौत्र गंभीर घायल हो गए। लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी नानौता में पहुंचाया। वहां के चिकित्सक ने उर्मिला देवी (60 वर्ष) को मृत घोषित किया। जबकि घायल कुलभूषण को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया। एसओ ने बताया मृतक वृद्धा के पुत्र विद्या भूषण की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पदम सिंह पुत्र जगपाल सिंह निवासी ग्राम चौरा थाना नानौता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालक और ट्रैक्टर ट्राली की तलाश शुरू कर दी।