सहारनपुर। शहर के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होने से उमस और बढ़ गई। शरीर पर चिपचिपाहट होने के कारण लोग परेशान रहे। उधर, शहर के कई इलाकों में हल्की सी ही बारिश ने निगम के नाला सफाई की पोल खोलकर रख दी। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार को शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम बदलने से बूंदाबांदी शुरू हो गई। पहले घंटाघर क्षेत्र और अंबाला रोड क्षेत्र और बाद में कोर्ट रोड क्षेत्र में करीब दस मिनट की बूंदा बांदी होती रही। इसका राहगीरों ने आनंद लिया। बूंदाबांदी रुकने के बाद फिर से हल्की धूप निकल आई, इसके बाद उमस बढ़ गई। लोगों को पंखों और कूलर से भी राहत नहीं मिली।
उधर, हल्की सी ही बूंदाबांदी के कारण बूढ़ी माई चौक पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ लोगों के वाहन भी पानी में बंद हो गए। स्थानीय पार्षद मंसूर बदर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई नालों और नालियों की बारिश शुरू होने से सफाई नहीं की गई हैं। इसके अलावा कई नालियां कच्ची होना भी जलभराव की वजह रहा है।