छुटमलपुर/बिहारीगढ़। दून हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों के बीच डाट मंदिर से पहले एक तीव्र मोड़ पर 18 टायरा ट्रक के खराब होने के बाद जाम लग गया। इससे पांच घंटे तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। बीस मिनट के सफर में दो घंटे से ज्यादा का वक्त लगा। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार दोपहर करीब दो बजे खनिज सामग्री से भरा देहरादून जा रहा एक 18 टायरा ट्रक तीव्र मोड़ पर खराब हो गया। इसके बाद सड़क पर रास्ता वन वे हो गया। वीकेंड और होली की छुट्टियों से लौट रहे लोगों के वाहनों का रैला हाईवे पर उमड़ने के कारण वन वे हुए रास्ते पर धीरे धीरे जाम लगना शुरू हो गया। रही सही कसर एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में आमने सामने आए कार चालकों ने पूरी कर दी।
इसके बाद कुछ ही दूर में पूरी शिवालिक पहाड़ियों में हाईवे पर जाम लग गया। डाट काली मंदिर से मोहंड तक वाहनों की लाइनें लगी रही। सूचना पर मोहंड चौकी से पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया लेकिन स्थिति काफी विकट थी। देर शाम तक भी पुलिसकर्मी जाम को नहीं खुलवा सके थे।