सहारनपुर। नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) भी ऐसे लोगों को ऋण उपलब्ध कराएगा, जिनका कारोबार पटरी से उतर गया है और आर्थिक तंगी के कारण कारोबार कर नहीं पा रहे हैं। ऋण पाने के लिए आठ सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
ऋण वितरण की योजना डे-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के तहत लागू की। सहारनपुर नगर निगम के साथ ही देवबंद और गंगोह नगर पालिका सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोग भी योजना में ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। व्यक्तिगत कारोबार के लिए दो लाख और सामूहिक कारोबार के लिए दस लाख रुपये तक के ऋण की व्यवस्था इसमें रखी गई है।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया डे-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के अंतर्गत शहरी गरीबों के लिए है। उन्होंने बताया बैंक ब्याज पर भी कुछ छूट रहेगी। उदाहरण के तौर पर यदि किसी बैंक का ब्याज नौ प्रतिशत है तो ऋण लेने वाले पर केवल सात प्रतिशत का ही भार पडे़गा, ब्याज रुप में इससे अधिक जमा की गई राशि उनके खाते में ऑनलाइन वापस की जाएगी। उन्होंने बताया कि ऋण के लिए आठ सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जो लोग उक्त योजना में ऋण लेने के इच्छुक हैं, वह अपना आधार कार्ड और एक लाख रुपये तक की आय के प्रमाण पत्र की छाया प्रति नुमाइश कैंप स्थित डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराकर निशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।