सहारनपुर। औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बेहट रोड स्थित मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। इस दौरान दवाओं का रिकॉर्ड खंगाला। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त अटल कुमार राय और सहायक आयुक्त औषधि दीपालाल के निर्देश पर औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बेहट रोड के मेडिकल स्टोरों की जांच की। शिकायत मिल रही थी कि मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाएं बेची जा रही है। औषधि निरीक्षक ने शिफा मेडिकल स्टोर, न्यू वंशिका मेडिकल स्टोर और धैर्य मेडिकल स्टोर पर दवाओं का स्टॉक चेक किया। इसके साथ ही दवाओं की बिक्री से संबंधित बिल देखें। जांच के दौरान किसी मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाएं नहीं मिली। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को रिकॉर्ड दुरुस्त करने के साथ ही साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।