सहारनपुर। युवाओं की नसों में नशा घोलने वाले आरोपियों पर पुलिस शिकंजा और कसेेगी। इन पर गैंगेस्टर लगाने के साथ ही प्रत्येक थाने में अलग से रिकार्ड बनाए जाएगा। जिले भर में पुलिस ने पिछले दिनों ऑपरेशन नशा मुक्ति चलाकर 102 तस्करों को गिरफ्तार भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए थे।
अवैध रूप से धन अर्जित करने वाले गैंगस्टरों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसके तहत 13 से अधिक गैंगस्टर की 15 करोड़ से अधिक संपत्ति कुर्क हुई है। इनमें मादक पदार्थों के तस्कर, जमीन कब्जाने वाले आरोपी, गोकशी और सट्टे के आरोपी शामिल है। हाल ही में ऑपरेशन नशा मुक्ति के तहत पकड़े गए 102 तस्करों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत इनको भी गैंगेस्टर में निरुद्घ करने की कार्रवाई होगी। इसके अलावा जनपद के 21 थानों में अलग से रजिस्टर बनाकर इनका रिकार्ड भी रखा जाएगा और आरोपी पुलिस की निगरानी में रहेंगे।
जेल छूटकर आने वाले आरोपियों पर भी रहेगी नजर
पुलिस ने 102 मादक पदार्थ तस्करों को जेल भेजा है। इनमें से जो आरोपी अंतरिम जमानत या फिर न्यायालय से जमानत लेकर कारागार से बाहर आएंगे, उन पर पुलिस की पैनी नजर रखी। इसको लेकर प्रत्येक थाने में पुलिस टीम काम करेगी।
तस्करों के पास से यह हुई थी बरामदगी
पकड़े गए 102 तस्करों के पास से 13 किलो 580 ग्राम चरस, एक किलो 316 ग्राम स्मैक, 334 ग्राम सुल्फा, नौ किलो गांजा, 45 किलो 350 ग्राम डोडा पोस्त, दो किलो 500 ग्राम अफीम, 3005 नशीली गोलियां बरामद हुई थी।
युवाओं का जीवन बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पकड़े गए आरोपियों पर गैंगेस्टर भी लगाई जाएगी। इसको लेकर निर्देश दिए जा चुके हैं। - डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी।