सहारनपुर। जिला मद्य निषेध अधिकारी आलोक कुमार ने कहा नशे की लत से नशा करने वाले का शरीर और जीवन तो बर्बाद होता ही है, साथ ही उससे जुड़े परिवार को भी नुकसान पहुंचता है।
जेवी जैन इंटर कॉलेज में नशाबंदी पर आयोजित सेमिनार में जिला मद्य निषेध अधिकारी आलोक कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। कॉलेज के प्रधानाचार्य अतुल कुमार जैन ने कहा कि जब बच्चा किशोरावस्था में प्रवेश करता है। उसकी वही उम्र होती है, जब वह गलत संगति में पड़ सकता है। ऐसे में बच्चों को खुद भी इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वह गलत लोगों से दूर रहें और अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। परिजनों को भी इस उम्र के अपने बच्चों पर नजर रखनी चाहिए।
कॉसेज के प्रवक्ता प्रदर्शन जैन ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि दोस्ती के नाम पर लिया नशे का पहला कश आपको पतन की ओर ले जाएगा। कॉलेज के प्रवक्ता नवीन कुमार जैन ने कहा कि आपको किसी भी प्रकार का नशा करना ही नहीं हैं, क्योंकि एक बार नशे की गिरफ्त में आने के बाद इससे निकलना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के पदाधिकारी अश्वनी शर्मा, संजय कुमार शर्मा, पिंकी देवी ने भी छात्रों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। कक्षा नौ सी के छात्र मोहम्मद कैफ, राघव गोयल और कक्षा 11 के छात्र आदित्य शर्मा को पूछे प्रश्नों के सही जवाब देने पर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।