सहारनपुर। अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने टीम को फैलाकर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कराया। उन्होंने स्वयं भी रेलवे अस्पताल, लोको पायलट रनिंग रूम और लोको लॉबी में व्यवस्था जांचीं। करीब ढाई घंटे तक टीम में शामिल अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में रिकॉर्ड को बारीकी से जांचा। इससे स्थानीय अधिकारियों की सांसें थमी सी रहीं।
डीआरएम विनोद भाटिया शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन से रेलवे स्टेशन से पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कॉमर्शियल, टेलीकॉम, ऑपरेटिंग, इंजीनियरिंग, आरपीएफ और बिजली के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में जांच के लिए फैला दिया। बिजली के अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर बिजली आपूर्ति, प्लेटफार्म लाइटिंग, पावर बैकअप और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की। कॉमर्शियल टीम ने टिकट काउंटर, यात्रियों की सुविधाएं, साफ-सफाई, पूछताछ काउंटर और खानपान स्टॉलों की स्थिति को परखा। टीमों ने विभागों में रिकॉर्ड, व्यवस्थाएं देखीं।
आरपीएफ की सीनियर डीएससी ने थाने और बैरक का निरीक्षण किया। इसके अलावा डीआरएम ने रेलवे अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना। दवाइयों और वार्ड की स्थिति देखी। लोको पायलट रनिंग रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। इसके अलावा लोको लॉबी में निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि घने कोहरे में ट्रेनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सिग्नलिंग सिस्टम, पायलटों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सीनियर डीसीएम नवीन कुमार मौजूद रहे।