सर्किट हाउस में बैठक लेते कमिश्नर संजय कुमार
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मंडलायुक्त ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के समस्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाएं। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में आशा, एएनएम और पंचायत सचिव की उपस्थित सुनिश्चित की जाए। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के अनुपस्थित रहने पर मंडलायुक्त ने वेतन रोकने के निर्देश दिए।
मंगलवार को आयोजित बैठक में मंडलायुक्त संजय कुमार ने शासन की ओर से जारी किए निर्देशों से समस्त अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने तीनों जनपदों के मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई निराश्रित पशु खुले में न रहे, उसका संरक्षण कराया जाए और पशुओं का पोस्टमार्टम भी कराए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के तहत सहारनपुर में 59, मुजफफरनगर में 43 और शामली में 26 मेले लगाए गए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत ग्राम, ब्लाक, जनपद की कार्य योजना तैयार कर बैठक शीघ्र करने के लिए कहा। बैठक में हिंडन और उसकी सहायक नदियों के सुधार को लेकर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने सहकारी ऋण देयों की वसूली के अंतर्गत मंडल के तीनों जनपदों में वसूली शत प्रतिशत कराने के निर्देश दिए।
दुर्घटना वाले स्थानों को करें चिह्नित
मंडलायुक्त संजय कुमार ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों की बैठक में कहा कि एक सप्ताह के अंदर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एनएचआई पर संभावित दुर्घटना के स्थान को चयनित कर बचाव का इंतजाम कराए। साथ ही लकड़ी एवं गन्ना ढोहन वाले वाहनों पर रिट्रोरिफलेक्टिव टेप लगवाए। इसका अनुपालन न करने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस, नगर निगम और परिवहन निगम ई-रिक्शाओं रूट निर्धारण सख्ती से पालन कराए। बैठक में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।