- अमर उजाला के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में एसबीडी जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ ने दिया परामर्श
सहारनपुर। उम्र बढ़ने के साथ ही हड्डियों में कमजोरी आना शुरू हो जाता है। हड्डी के दर्द से अधिकतर लोग परेशान रहते हैं। क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ हड्डी के मरीजों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी होती जा रही है। शरीर में कैल्शियम की कमी भी जोड़ों के दर्द की वजह बन जाती है। शनिवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मराज मानु ने अमर उजाला के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने बताया कि किसी भी इन्सान की उम्र बढ़ने के साथ ही हड्डी भी पुरानी और कमजोर होती जाती है। ऐसा देखा गया है कि कैल्शियम की कमी के कारण युवावस्था में भी हड्डी कमजोर होने की समस्या बढ़ रही है।
सवाल : कमर में दर्द बनता है और सुबह उठते समय शरीर में अकड़न रहती है। (नरेश कुमार, देवबंद)
जवाब : यह असंतुलित कारणों से होता है। ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। खानपान अच्छा रखें। काम करते हैं तो कुछ दिन छुट्टी रखें, ताकि शरीर को आराम मिल सके।
सवाल : कमर, जोड़ों और पैर में दर्द रहता है। (इरफान, छुटमलपुर)
जवाब : सिकाई करें। दर्द ज्यादा है तो दर्द निवारक ट्यूब आती है, उसे लगाएं। यह ध्यान रखें मालिश न करें। एक-दो दिन आराम करें और अस्पताल आकर जांच कराएं।
सवाल : मेरी उम्र 76 साल है। घुटनों में दर्द रहता है। चलने-फिरने में दिक्कत होती है। (सुरेश कुमार सेठी, रामपुरी कॉलोनी)
जवाब : उम्र बढ़ने पर यह बात आम है। सावधानी जरूरी है। फिजियोथेरेपी कराएं। सीढि़यों पर चढ़ने से बचें। घुटनों के बल न बैठें। जांच अवश्य कराएं।
सवाल : सीढ़ी चढ़ते समय घुटनों में दर्द होता है। (रामसिंह, रामनगर नाला पटरी)
जवाब : कैल्शियम युक्त चीजें खाएं। जैसे फल, हरी सब्जी, ज्वार, बाजरा लें। फिजियोथेरेपी कराएं। दर्द निवारक ट्यूब लगा सकते हैं, लेकिन मालिश नहीं करनी है।
सवाल : मेरी उम्र 58 साल है। शरीर में दर्द रहता है और शुगर भी है। (सुभाष चंद शर्मा, रेहड़ी मलकपुर)
जवाब : शुगर में सबसे पहले फिजिशियन को दिखाएं। जांच कराने पता चलेगा कि शुगर कौन सी स्टेज पर है। दर्द है तो ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। कैल्शियम युक्त चीजें खाएं।
सवाल : मेरी उम्र 89 साल है। घुटनों और मांसपेशियों में रहता है। (हेम सिंह पुंडीर, हसनपुर चुंगी)
जवाब : उम्र बढ़ने पर हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। सभी जांच कराइए। गर्मी का मौसम है। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं, ताकि शरीर में पानी की कमी न रहे।
सवाल : हाथ, पैर और कंधे में दर्द की समस्या है। चलने-फिरने में दिक्कत है। (रुक्मिणी गर्ग, ब्रज विहार)
जवाब : अगर इलाज चल रहा है तो जिला अस्पताल में आकर पुरानी रिपोर्ट दिखा सकती हैं। उसके बाद ही इलाज शुरू होगा। घर में सिंकाई कर सकती हैं।
सवाल : मेरी उम्र 71 साल है। हड्डियों में दर्द रहता है। (मलकित सिंह चौहान, अंबेहटा चांद)
जवाब : पानी ज्यादा पीएं। हरी सब्जियों का सेवन करें। सलाद खाएं। सुबह-शाम नियमित टहलें। खाने में नमक कम कर दें। ज्यादा दर्द है तो दर्द निवारक ट्यूब लगा सकते हैं।
सवाल : दो साल से कमर में दर्द है। (प्रवीण कुमार बंसल, रायवाला कपड़ा मार्केट)
जवाब : सबसे पहले शरीर की जांच करा लें। कोशिश करें कि एक्सरे भी कराएं। आगे झुककर काम न करें। वजन न उठाएं। गुनगुने पानी से कमर की सिकाई करें। खानपान पर ध्यान दें।