सी.एच.सी. नागल का औचक निरीक्षण करते मण्डलायुक्त डॉ. लोकेश एम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने बुधवार को नागल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने साफ सफाई की खराब व्यवस्था और कर्मचारियों द्वारा ड्रेस कोड का पालन नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। प्रभारी चिकित्साधिकारी को दो दिनों के अंदर व्यवस्थाएं सुधारकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में आमजन को बेहतर चिकित्सा प्रदान करने को लेकर मंडल के तीनों जनपदों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवानें के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के अनुपालन की स्थिति को जानने के लिए मंडलायुक्त ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित मिले। मंडलायुक्त ने फार्मेसी वार्ड, ओपीडी कक्ष, स्टोर रूम एवं आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी की साफ सफाई व्यवस्था खराब पायी जाने और कर्मचारियों द्वारा ड्रेस कोड का पालन न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद लौटते समय नागल चौराहे पर गंदगी देखकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जमाई। उन्होंने संयुक्त विकास आयुक्त को निर्देशित किया कि खण्ड विकास अधिकारी नागल को मौके पर बुलाकर तत्काल साफ सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। सफाई के बाद के फोटो भी उन्हें उपलब्ध कराए जाएं। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त एवं अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मौजूद रहे।