सहारनपुर। जिला न्यायालय में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, सिविल कोर्ट के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और चार अधिवक्ताओं की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के चलते 22 अप्रैल को जिला न्यायालय पूरी तरह से बंद रहेगा, जबकि न्यायालय देवबंद और ग्राम न्यायालय बेहट खुले रहेंगे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कोरोना पॉजिटिव आए कर्मचारियों के संपर्क में आए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कोविड-19 का परीक्षण कराने की सलाह दी है।
प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश आराधना रानी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला न्यायालय के 27 कर्मचारियों का कोविड-19 परीक्षण कराया गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के यहां से प्राप्त रिपोर्ट में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, सिविल कोर्ट के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव ने बताया कि न्यायालय परिसर में बैठने वाले चार अधिवक्ता भी संक्रमित पाए गए हैं। इसके चलते 22 अप्रैल को जिला न्यायालय पूर्ण रूप से बंद रहेगा। उन्होंने सिविल कोर्ट को 12-12 घंटे के अंतराल में दो बार पूरी तरह से सैनिटाइज और समुचित सफाई की व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए गए है। आदेश में कहा गया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इस दिन रिमांड का कार्य अवकाश की भांति किया जाना सुनिश्चित करेंगे।