सहारनपुर। चर्चित अनामिका शुक्ला के नाम पर सहारनपुर में एक युवती को नियुक्ति देने में लापरवाही बरतने पर जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) आदित्य नारायण शर्मा को हटा दिया गया है। उनको उनके मूल पद पर भेजा गया है।
जनपद के एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी एक युवती अनामिका शुक्ला के नाम पर नौकरी करती पाई गई थी। खुलासा होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। युवती को नियुक्ति देने में घोर लापरवाही सामने आई थी। सबसे बड़ी लापरवाही यह थी कि युवती को भेजा गया नियुक्ति पत्र वापस आ गया था। बताया गया था कि उक्त नाम की कोई युवती संबंधित पते पर नहीं रहती है। बैंक खाता खुलवाते समय भी युवती के संदिग्ध होने का पता चला था, मगर तमाम खामियों के बावजूद युवती को तैनाती दी गई थी। मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर आदित्यनारायण शर्मा को पद से हटाने की मांग की गई थी, मगर उनको हटाया नहीं गया था। अब एडी बेसिक द्वारा भेजी गई आख्या और की गई संस्तुति के आधार पर आदित्य नारायण शर्मा को जिला समन्वयक पद से हटाते हुए उनको उनके मूल माध्यमिक शिक्षा विभाग भेजने के निर्देश दिए हैं।
अनामिका शुक्ला के नाम पर फर्जी नियुक्ति मामले में आदित्य नारायण शर्मा जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) की लापरवाही उजागर हुई है। राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर उन्हें पद से हटाया गया है।
रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए।