पुलिस से महिला के पति को छुड़ाते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव आलमपुर मादपुर में बच्चों से मिलने पहुंची महिला के पति ने हंगामा खड़ा कर दिया। हाथापाई पर उतरे महिला के पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पर परिजनों की भीड़ पुलिस के साथ उलझ गई और धक्का-मुक्की करते हुए उसे हिरासत से छुड़ा लिया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तीतर-बितर किया।
सहारनपुर निवासी महिला का की शादी गांव आलमपुर मादपुर में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और महिला अपने मायके चली गई। पिछले काफी समय से महिला अपने मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार को महिला थाना मिर्जापुर पहुंची और पुलिस से अपने बच्चों से मिलवाने की बात कहीं जिसके बाद पुलिस महिला को लेकर गांव आलमपुर मादपुर पहुंची। यहां महिला और उसके पति का आमना सामना हो गया और दोनों में कहासुनी होने लगी। बात इतनी बड़ी, कि दोनों एक दूसरे के साथ हाथापाई पर आ गए। मौके पर हंगामा होते देख भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामला बढ़ता देख महिला के पति को हिरासत में ले लिया। इससे ग्रामीणों की भीड़ बिगड़ गई और उन्होंने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर उसे पुलिस की हिरासत से छुड़ा लिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी फटकारी और पति-पत्नी व उनके बच्चों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। थाना प्रभारी भानु प्रताप ने बताया, कि पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।